Alternative astrology |

क्या कहता है शकुन

14-September ,2021 | Comment 0 | gotoastro

क्या कहता है शकुन

क्या कहता है शकुन?  What do Omens (Shakun) say? 
प्रकाशन तिथि : मई, 2007
प्राय: देखा जाता है कि जब व्यक्ति घर से किसी शुभ कार्य के लिए जा रहा हो अथवा किसी शुभ कार्य का प्रारंभ कर रहा हो, तभी कोई बिल्ली रास्ता काट दे या कोई पीछे से छींक दे, तो वह उस कार्य को कुछ समय के लिए टाल देता है| ऐसी ही घटनाओं को ‘शकुन’ कहा जाता है| शकुन शास्त्र का भारतीय ज्योतिष में ही नहीं, वरन् विश्‍व के अनेक देशों के साहित्यों में भी उल्लेख मिलता है| आज प्रसिद्ध लोग भी शकुनशास्त्र में विश्‍वास करते हुए इसे मानते हैं|

शुभ शकुन (Benefic Omens)
1. शुभ कार्य के  लिए गमन करते समय यदि घोड़ा, ऊँट, हाथी, गाय, सफेद बैल, मयूर, पपीहा, नेवला एवं बँधा हुआ पशु दिखाई दे, तो शुभ शकुन होता है| 
2. यदि यात्रा के समय आगे की ओर बकरा, मछली, भारद्वाज नाम का पक्षी दिखे, तो शुभ होता है|
3. यात्रा या शुभ कार्य के समय बायें भाग में खरगोश, गधा, कुत्ता अथवा सूअर का शब्द सुनाई दे, तो शुभ होता है|
4. यदि यात्रा के समय सामने की ओर फल, अन्न, श्‍वेत सरसों, दर्पण, वस्त्र, मांस, पूर्णकलश, छत्र, रत्न, पगड़ी, मद्य तथा प्रज्वलित अग्नि दिखायी दे, तो कार्यसिद्धि के लिए शुभ है|
5. कार्य प्रारंभ के समय दूध, दही, पुष्प, अंकुश, पीछे की ओर खाली घड़ा तथा आगे की ओर पानी या अन्न से भरा घड़ा दिखाई दे, तो शुभ होता है| 
6. यदि घर से निकलते समय ब्राह्मण, कन्या, पुत्र सहित स्त्री, वेश्या, धोबी दिखाई दे, तो यह शुभ संकेत होता है|
7. यदि यात्रा प्रारंभ के समय बिना रुदन के मुर्दा दिखाई दे, तो बहुत शुभ होता है| 
8. यदि यात्रा एवं शुभ कार्य प्रारंभ के समय शुभ वाक्य जैसे वेद ध्वनि, गायन, घण्टाभेरी का स्वर, रुदन रहित शब्द, दायें या आगे से छींकना सुनाई दे, तो बहुत शुभ होता है|
9. वाहन पर बैठते, अध्ययन करते, बीज बोते एवं खाना-खाते समय सामने तथा दायें-बायें भाग की छींक शुभ होती है|

अशुभ शकुन (Malefic Omens)
1. यात्रा गमन तथा शुभ कार्य सम्पादन के समय यदि सर्प, गिरगिट, बिलाव का युद्ध, बिल्ली तथा सर्प का रास्ता काट जाना, भैंसों की लड़ाई या गधा दिखाई दे, तो अशुभ शकुन होता है|
2. यदि दायें भाग में कोयल, छिपकली, कबूतर, सूअर, छछुन्दरी तथा हंस दिखाई दे, तो अशुभ होते हैं, वहीं बायें भाग में वानर, कौआ, भालू, कुत्ता दिखाई दे, तो अशुभ होता है|
3. यदि यात्रा के समय वन्ध्या स्त्री, रजस्वला स्त्री, नपुंसक, संन्यासी, रोगी, नग्नव्यक्ति, खुले केश वाली स्त्री, अंगहीन मनुष्य, विधवा स्त्री, कुबड़ा व्यक्ति, गर्भवती स्त्री, गीले वस्त्र वाला व्यक्ति, शत्रु या लुहार दिखाई पड़े, तो अशुभ शकुन होता है|
4. यदि यात्रा के समय परिवार के सदस्यों में कलह हो जाए, तो यह भी एक अशुभ शकुन है|
5. चर्म, भूसा, हड्डी, नमक, अंगार, विष्टा, तेल, चर्बी, औषधि, रक्त, गुड़, छाछ, कीचड़, वस्त्रादि दिखें, कृष्ण धान्य एवं रूई दिखाई पड़े, तो कार्यसिद्धि के लिए अशुभ शकुन है|
6. पीछे की छींक, वानर या भालू का शब्द, बायीं ओर गधे का शब्द, पीछे की ओर कुत्ते का फड़फड़ाना सुनाई दे, तो अशुभ शकुन होता है|
यदि आप किसी शुभ यात्रा पर निकल रहे हैं या कोई शुभ कार्य प्रारंभ कर रहे हैं, और उसी समय अशुभ शकुन हो जाए, तो एक-दो मिनट रुककर कार्य पुन: प्रारम्भ करें, यदि पुन: वही अशुभ शकुन हो जाए, तो फिर से दो मिनट रुकें, लेकिन लगातार तीसरी बार भी कोई अशुभ शकुन दृष्टिगोचर हो जाए, तो घर वापस लौट आना चाहिए| यदि अशुभ शकुन के साथ-साथ शुभ शकुन भी दृष्टिगोचर हों, तो आप अपने कार्य का सम्पादन कर सकते हैं|•




Recent Blogs

Trending Blogs

Related Blogs

Comments

Los Angeles

Ajay Dubey

Recent Comments